मप्र विधानसभा का विशेष सत्र आज, विकसित और आत्मनिर्भर राज्य के रोडमैप पर होगी अहम चर्चा

0
325

मप्र विधानसभा का विशेष सत्र आज, विकसित-आत्मनिर्भर राज्य बनाने पर होगी व्यापक चर्चा

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा का एक दिवसीय विशेष सत्र बुधवार, 17 दिसंबर को आयोजित किया जा रहा है। यह सत्र विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर की पहल पर आहूत किया गया है, जिसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दो वर्ष के कार्यकाल की उपलब्धियों, चुनौतियों और भविष्य के मध्य प्रदेश के विकसित, आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनने के रोडमैप पर व्यापक चर्चा होगी।

इस विशेष सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सदन को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के बीते दो वर्षों के कार्यों और नीतिगत निर्णयों की जानकारी देंगे। उनके साथ उप मुख्यमंत्री, मंत्रीगण और जनप्रतिनिधि भी विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखेंगे।

इन प्रमुख विषयों पर होगी चर्चा

विशेष सत्र में राज्य के समग्र विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी, जिनमें शामिल हैं—

  • शहरी व ग्रामीण विकास
  • उच्च शिक्षा, स्कूल शिक्षा व तकनीकी शिक्षा
  • कौशल विकास और रोजगार
  • स्वास्थ्य, आयुष व चिकित्सा शिक्षा
  • महिला सशक्तिकरण और सामाजिक कल्याण
  • पेयजल सुरक्षा और ऊर्जा क्षेत्र
  • औद्योगिक नीति, निवेश प्रोत्साहन
  • पर्यटन, संस्कृति और विरासत
  • कृषि, सहकारिता और पशुपालन
  • आंतरिक सुरक्षा, नक्सलवाद व साइबर थाना
  • आर्थिक प्रगति, बजट, अधोसंरचना और पूंजीगत विकास
  • अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण

विधानसभा की 7 दशक की यात्रा पर विशेष प्रदर्शनी

विशेष सत्र के अवसर पर मध्य प्रदेश विधानसभा की सात दशक की यात्रा और राज्य सरकार के दो वर्षों के विकास कार्यों पर आधारित विशेष चित्र प्रदर्शनी भी आयोजित की गई है। इस प्रदर्शनी का उद्घाटन राज्यपाल मंगुभाई पटेल करेंगे।

इस ऐतिहासिक प्रदर्शनी में कुल 136 चित्र लगाए गए हैं, जिनमें प्रथम विधानसभा से लेकर वर्तमान सोलहवीं विधानसभा तक के दुर्लभ और महत्वपूर्ण क्षणों को दर्शाया गया है। साथ ही, प्रदेश सरकार के दो वर्षों के विकास कार्यों का भी दृश्य लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया है।

विद्यार्थी भी बनेंगे विधानसभा कार्यवाही के साक्षी

मध्य प्रदेश विधानसभा के 70वें वर्ष में प्रवेश के अवसर पर आयोजित इस विशेष सत्र की कार्यवाही के साक्षी लगभग 400 स्कूली और महाविद्यालयीन विद्यार्थी भी बनेंगे। ये विद्यार्थी विधानसभा का भ्रमण करेंगे, प्रदर्शनी का अवलोकन करेंगे और दर्शक दीर्घा में बैठकर सदन की कार्यवाही को प्रत्यक्ष देखेंगे।

सांस्कृतिक संध्या का भी आयोजन

विशेष सत्र के उपलक्ष्य में 17 दिसंबर की शाम विधानसभा के मानसरोवर सभागार में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न कला समूहों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी।

आम नागरिक भी देख सकेंगे प्रदर्शनी

यह प्रदर्शनी 18 से 25 दिसंबर तक आम नागरिकों के लिए खुली रहेगी। इच्छुक नागरिक आधार कार्ड के माध्यम से प्रवेश पत्र बनवाकर विधानसभा परिसर में प्रदर्शनी का अवलोकन कर सकेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here