सरकार पर अनदेखी का आराेप लगा दो दिन की हड़ताल पर बैठे फतेहाबाद परिषद कर्मचारी

0
332

फतेहाबाद, 9 जनवरी (हि.स.)। सरकार की वायदाखिलाफी के विरोध में नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा ने एक बार फिर आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। संघ के आह्वान पर गुरुवार काे नगरपरिषद फतेहाबाद के 11 कर्मचारी दो दिन की क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। नगर परिषद कार्यालय में कर्मचारियों द्वारा दिए गए धरने की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ इकाई फतेहाबाद के सचिव ओम प्रकाश लोट ने की। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर अपना रोष जाहिर किया। आज की भूख हड़ताल पर बैठने वालों में ओम प्रकाश लोट, सत्यवान टांक, पवन चिंडालिया, संदीप, शम्मी, नरेश, सतीश, धर्मवीर, जगदीश, लाजवंती व संतोष शामिल हैं। भूख हड़ताल के दौरान कर्मचारियों को संबोधित हुए इकाई प्रधान नरेश राणा व जिला सचिव विजय ढाका ने बताया कि 7 अगस्त 2024 को कर्मचारियों की लंबित मांगों के सन्दर्भ में निकाय मंत्री की अध्यक्षता में प्रशासनिक अधिकारियों व संघ के बीच वार्ता हुई। इस बातचीत में मंत्री ने संघ की सभी मांगों को जायज मानते हुए इन मांगों को लागू करने का ठोस आश्वासन दिया था। कर्मचारी नेता ने कहा कि इसके बाद इसको लेकर प्रोसिडिंग तो जारी कर दी थी लेकिन इतना लंबा समय बीत जाने के बावजूद भी अभी तक एक भी पत्र जारी नहीं किया गया है, जिससे प्रदेशभर के नगरपालिका व नगरपरिषद कर्मचारियों में सरकार के खिलाफ भारी गुस्सा है। सरकार की इस वायदाखिलाफी के विरोध में कर्मचारी 2 दिन भूख हड़ताल पर रहेंगे। अगर फिर सरकार अपनी कुंभकर्णीय नींद से नहीं जागती तो संघ बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा। सचिव ओम प्रकाश लोट ने अपनी नाराजगी वयक्त करते हुए बताया कि भगवान महर्षि वाल्मीकि की जयंती के उपलक्ष्य मे जींद में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने सभी कर्मचारियों की वेतन बढ़ोतरी 26 से 27 हजार करने की घोषणा थी, जोकि अभी तक लागू नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि सरकार जो ये झूठी घोषणाएं करके कर्मचारियों के साथ भद्दा मजाक कर रही है, उसे कर्मचारी वर्ग बर्दाश्त नहीं करेगा और आंदोलन को तेज किया जाएगा। आज की भूख हड़ताल में सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान भूप सिंह भड़ोलांवाली, जिला सचिव सुरजीत दुसाद, ब्लॉक प्रधान राजपाल मित्ताथल, सचिव इन्द्र घासी, पब्लिक हेल्थ प्रधान विनोद कुमार, सचिव लादू राम व रिटायर कर्मचारी संघ के जिला सचिव व सीटू नेता बेगराज ने भी समर्थन दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here