फतेहाबाद, 10 मई (हि.स.)। जिले के जाखल कस्बे में फर्जी कागजात तैयार करवाकर नगरपालिका की एक दुकान को हड़पने का मामला सामने आया है। इस मामले में जाखल पुलिस ने शनिवार को एक महिला सहित चार लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में जाखल मण्डी निवासी आकाश गर्ग ने कहा है कि उसके पिता के पास जाखल नगरपालिका की दुकान नं. 6 है। नगरपालिका ने 2007-08 में यह दुकान दी थी। इस पर उसके पिता ने 2012 तक राशन डिपू चलाया था। उसके बाद उन्होंने राशन डिपू की जगह बदल दी। इस कारण 2012 में दुकान खाली हो गई। इसके बाद 2012 में सुरेखा पत्नी उत्तम ने उनकी दुकान मांगी और वह दुकान पर बैठी रही। वर्ष 2020 में उसे पता चला कि सुरेखा व उत्तम ने गलत दस्तावेज तैयार करवा सकते हैं। इस पर उसने अगस्त 2020 में नगरपालिका को हल्फिया बयान देकर दुकान को किसी अन्य के नाम ट्रांसफर न करने की बात कही थी। आकाश ने आरोप लगाया कि अब उसे पता चला कि महावीर सिंह पूर्व सैक्ट्री, कमलराज टैक्स इंस्पेक्टर, जाखल नगरपालिका के क्लर्क जितेन्द्र के साथ साज बाज होकर सुरेखा व उसके पति उत्तम चंद ने यह दुकान सुरेखा के नाम करवा दी है। इस पर उसने इस बारे में पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। इस मामले में जाखल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


