NEET पेपर लीक मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार

0
185

NEET पेपर लीक मामले में दो और आरोपी गिरफ्तार

नीट-यूजी 2026 परीक्षा पेपर लीक मामले की जांच कर रही सीबीआई को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही इस मामले में गिरफ्तार लोगों की कुल संख्या बढ़कर 13 हो गई है।

डॉक्टर और कोचिंग फैकल्टी गिरफ्तार

सीबीआई के अनुसार गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लातूर निवासी डॉक्टर मनोज शिरुरे शामिल हैं। उन पर तीन छात्रों की मदद करने का आरोप है, जिनमें एक कोचिंग सेंटर संचालक का बेटा भी शामिल बताया जा रहा है।

जांच एजेंसी का कहना है कि डॉक्टर मनोज ने आरोपी पी.वी. कुलकर्णी से केमिस्ट्री के प्रश्न हासिल करने में छात्रों की सहायता की थी।

दूसरे गिरफ्तार आरोपी की पहचान तेजस हर्षदकुमार शाह के रूप में हुई है, जो पुणे स्थित डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी (एपीएमए) में फिजिक्स फैकल्टी है।

फिजिक्स के प्रश्न लीक होने का आरोप

सीबीआई जांच में सामने आया है कि तेजस शाह को फिजिक्स के लीक प्रश्न मनीषा हवलदार से मिले थे। मनीषा को जांच एजेंसी पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

देशभर में छापेमारी जारी

सीबीआई ने बताया कि इस पूरे नेटवर्क और साजिश की कड़ियों को जोड़ने के लिए जांच लगातार जारी है। अब तक देशभर में 49 स्थानों पर छापेमारी की गई है।

जांच के दौरान कई लैपटॉप और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं, जिनकी फॉरेंसिक जांच और डाटा विश्लेषण किया जा रहा है।

कई शहरों से गिरफ्तारी

गौरतलब है कि शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत पर सीबीआई ने 12 मई को मामला दर्ज किया था। इसके बाद विशेष जांच टीमों का गठन कर देशभर में कार्रवाई शुरू की गई।

अब तक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहल्यानगर समेत कई शहरों से कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here