विकसित भारत–सुरक्षित भारत: पीएम मोदी की अध्यक्षता में डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन शुरू

0
176

प्रधानमंत्री मोदी की अध्यक्षता में विकसित भारत-सुरक्षित भारत की थीम पर बैठक शुरू, डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन

रायपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। रायपुर में आयोजित अखिल भारतीय डीजीपी-आईजीपी कॉन्फ्रेंस का दूसरा दिन शनिवार सुबह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में शुरू हुआ। बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल और देशभर की सुरक्षा एजेंसियों के शीर्ष अधिकारी मौजूद हैं।

प्रधानमंत्री मोदी सुबह 8:15 बजे आईआईएम रायपुर पहुंचे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इसके बाद विकसित भारत–सुरक्षित भारत की थीम पर आधारित बैठक की शुरुआत हुई। आज दिनभर चार सत्र होंगे, जिनमें रात 8 बजे तक विभिन्न मुद्दों पर गहन चर्चा जारी रहेगी।

राष्ट्रीय सुरक्षा और राज्यवार प्रेजेंटेशन

कॉन्फ्रेंस में सभी राज्यों के डीजीपी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी उभरती चुनौतियों, साइबर खतरों, जन-आंदोलनों के प्रबंधन और खुफिया तंत्र को मजबूत करने पर विस्तृत चर्चा की जा रही है। साथ ही पिछली सिफारिशों के क्रियान्वयन की समीक्षा भी हो रही है।

महिला सुरक्षा और फॉरेंसिक तकनीक पर जोर

सूत्रों के अनुसार महिला सुरक्षा में तकनीक के बढ़ते उपयोग, स्मार्ट पुलिसिंग, बड़े मामलों में फॉरेंसिक साइंस के व्यापक इस्तेमाल और जांच गुणवत्ता को बेहतर बनाने पर भी विशेष सत्र आयोजित किया गया है।

छत्तीसगढ़ का बस्तर मॉडल चर्चा में

छत्तीसगढ़ के डीजीपी अरुण देव गौतम ‘बस्तर 2.0’ मॉडल की प्रस्तुति देंगे। मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने के लक्ष्य के बाद क्षेत्र में विकास की नई रणनीति और पुलिस-प्रशासनिक समन्वय पर चर्चा होगी।

विजन 2047 पर विशेष प्रस्तुति

इंटेलिजेंस ब्यूरो के विशेष निर्देशक भारत को 2047 तक सुरक्षित और विकसित राष्ट्र बनाने की रूपरेखा साझा करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here