राहुल गांधी लोको पायलटों की ‘अमानवीय’ कार्य स्थितियों को लेकर सरकार पर हमलावर

0
411

नई दिल्ली, 17 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी ने लोको पायलटों की कार्य स्थितियों को लेकर सरकार की तीखी आलोचना की है। उन्होंने आज यहां कहा कि “अमानवीय” परिस्थितियों में काम करना न केवल लोको पायलटों के साथ अन्याय है बल्कि ट्रेनों से यात्रा करने वाले करोड़ों यात्रियों की सुरक्षा के साथ भी खिलवाड़ है।

राहुल गांधी ने एक्स पर एक रिपोर्ट को साझा किया है, जिसमें दावा किया गया है कि रेलवे ने कई परिस्थितियों में छुट्टी की मांग को खारिज कर दिया और महिला कर्मचारियों के हवाले से कहा गया कि उन्हें शौचालय की सुविधा के बिना आठ घंटे की ड्यूटी करनी पड़ी।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि पिछले साल जब मैं रेलवे के लोको पायलटों से मिला तो उनकी स्थिति जानकर गहरी चिंता हुई थी — 14-14 घंटे की शिफ्ट, लगातार रात की ड्यूटी, न पर्याप्त आराम, न खाने का ब्रेक और न शौचालय की सुविधा। हादसों के बाद रेलवे ‘मानवीय चूक’ कहकर पल्ला झाड़ लेता है लेकिन यह नहीं बताता कि कर्मचारियों से कैसे अमानवीय तरीके से काम लिया जाता है।

कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि लोको पायलटों की बुनियादी मांगें थीं — काम के घंटे तय हों और बेहतर माहौल मिले। सरकार ने सिर्फ दिखावे के लिए कमेटी बना दी, समाधान की कोई मंशा नहीं थी। अब खाना और टॉयलेट ब्रेक जैसी मांगें भी यह कहकर ठुकरा दी गई हैं कि “यह व्यावहारिक नहीं है।”

राहुल गांधी ने कहा कि ये न सिर्फ लोको पायलटों के साथ अन्याय है, बल्कि उन करोड़ों यात्रियों की सुरक्षा से भी खिलवाड़ है जो ट्रेनों से सफर करते हैं। यह न्याय की लड़ाई है और हम इसमें लोको पायलटों के साथ हैं — जब तक सरकार बहरी बनी रहेगी, आवाज़ उठाते रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here