रायपुर: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ पर तीन प्रमुख आयोजनों में होंगे शामिल

0
322

रायपुर, 07 नवंबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज शुक्रवार को “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित तीन बड़े आयोजनों में शामिल होंगे। राजधानी रायपुर और नवा रायपुर में उनका पूरा दिन कार्यक्रमों से भरा रहेगा।

मुख्यमंत्री कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री साय सुबह 9:30 बजे सिविल लाइन स्थित मुख्यमंत्री निवास से प्रस्थान कर 9:55 बजे मंत्रालय महानदी भवन, नवा रायपुर पहुंचेंगे। यहां वे सुबह 10:00 से 11:00 बजे तक “वंदे मातरम् 150वीं वर्षगांठ” के मुख्य राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल होंगे।

इसके बाद 11:10 बजे वे मंत्रालय से निकलकर 11:15 बजे डीएसपीएम-आईआईआईटी, नया रायपुर पहुंचेंगे, जहां वे “मेक इन सिलिकॉन – स्वदेशी सेमीकंडक्टर अवसंरचना को सक्षम बनाने पर राष्ट्रीय संगोष्ठी” में भाग लेंगे। यह कार्यक्रम 12:15 बजे तक चलेगा।

इसके उपरांत मुख्यमंत्री 12:25 बजे श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर, सेक्टर-24, नवा रायपुर पहुंचेंगे। वहां वे छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष पदभार ग्रहण एवं अभिनंदन समारोह में 01:25 बजे तक शामिल रहेंगे।

“वंदे मातरम्” 150 वर्ष: एक राष्ट्रीय अभियान
“वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ देशभर में गर्व और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक बन चुकी है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में यह उत्सव वर्षभर चलने वाले महाअभियान के रूप में मनाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में इसे चार चरणों — ग्राम पंचायत, ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर भव्य रूप में संपन्न किया जाएगा।

आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इस राष्ट्रीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा, जिसका सीधा प्रसारण दूरदर्शन पर सुबह 10 से 11 बजे तक किया जाएगा। प्रधानमंत्री के उद्बोधन के बाद पूरे देश में एक साथ “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here