सारंडा के गांवों में हाथी का कहर, तीन घर ध्वस्त

0
205

पश्चिम सिंहभूम, 29 मई (हि.स.)। पश्चिम सिंहभूम जिले के सारंडा रिजर्व वन क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष एक बार फिर सामने आया है। गुरुवार को किरीबुरु रेंज के नवागांव और भनगांव में एक दतैल हाथी ने भारी तबाही मचाई, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

सारंडा के किरीबुरु रेंज अंतर्गत नवागांव और भनगांव गांवों में एक दतैल हाथी ने घुसकर तीन ग्रामीणों के घर पूरी तरह तोड़ डाले।

इस हमले में घरों में रखा राशन, बर्तन, कपड़े और दैनिक जरूरत की वस्तुएं भी नष्ट हो गईं। भनगांव निवासी सुखराम सुरीन के घर पर हमले के दौरान उनकी बेटी सोमवारी सुरीन घर में सो रही थी, जिसे गिरती दीवार से गंभीर चोट आई। अन्य पीड़ितों में नवागांव के रविन्द्र मुंडा और पाण्डू सिद्धू शामिल हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि हाथियों का यह उत्पात लगातार बना हुआ है, लेकिन वन विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। मुआवजे की राशि न मिलने से प्रभावित परिवार गहरे आर्थिक संकट में हैं। डर के कारण ग्रामीण वनोत्पादों का संग्रहण भी नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने मांग की है कि प्रभावितों को त्वरित मुआवजा दिया जाए, हाथी को पकड़कर सुरक्षित क्षेत्र में भेजा जाए। साथ ही गांवों की घेराबंदी के लिए बिजली चालित फेंसिंग हो और सुरक्षा चौकियां स्थापित की जाएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here