लखनऊ में रालोद नगरीय निकाय की पहली बैठक, शहरी क्षेत्रों में संगठन विस्तार की बनी रणनीति

0
336

लखनऊ में रालोद नगरीय निकाय की पहली बैठक संपन्न

लखनऊ स्थित प्रदेश कार्यालय में मंगलवार को राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) की नगरीय निकाय (अर्बन बॉडी) की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा ने किया। बैठक में पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।

शहरी क्षेत्रों में संगठन विस्तार पर चर्चा

अनुपम मिश्रा ने बताया कि नगरीय निकाय के गठन का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में संगठन का विस्तार, आम जनता से सीधा संवाद स्थापित करना और आगामी नगर निकाय चुनावों में रालोद की मजबूत भागीदारी सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जयंत चौधरी के निर्देश पर यह निकाय गठित किया गया है और पार्टी का लक्ष्य है कि हर नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत में रालोद की उपस्थिति दर्ज कराई जाए।

उत्तर प्रदेश में सबसे अधिक नगरीय निकाय

मिश्रा ने बताया कि उत्तर प्रदेश देश का वह राज्य है जहां 17 नगर निगम, 200 नगर पालिका परिषद, 545 नगर पंचायत और कुल 762 नगरीय निकाय हैं। उन्होंने कहा कि शहरीकरण की तेजी के साथ अब रालोद को भी इन क्षेत्रों में अपने जनाधार को मजबूत करने की आवश्यकता है।

जनता से जुड़ाव और जनजागरण अभियान की तैयारी

बैठक में यह निर्णय लिया गया कि पार्टी नगर निगमों और नगर पंचायतों में जनजागरण अभियान चलाएगी, ताकि रालोद की विचारधारा और नीतियां सीधे आम नागरिक तक पहुंच सकें।

अनुपम मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे नगर स्तर पर जनता की समस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन को हर वर्ग तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी इस नए दायित्व को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और ऊर्जा के साथ निभाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here