मप्र के पन्ना में जेके सीमेंट प्लांट में निर्माणाधीन छत का स्लैब गिरा, पांच मजदूरों की मौत

0
334

पन्ना, 30 जनवरी (हि.स.)। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में अमानगंज स्थित जेके सीमेंट प्लांट में गुरुवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां प्लांट में निर्माणाधीन हिस्से में छत की स्लैब डाली जा रही थी, जहां दर्जनाें मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक भाड़ा (स्कैफोल्डिंग) गिर गया, जिसकी चपेट में कई मजदूर आ गए। पहले दो मजदूरों की मौत की बात कही जा रही थी, लेकिन बाद में मृतकों की संख्या बढ़कर पांच हो गई है जबकि 30 से ज्यादा मजदूर घायल बताए जा रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशानिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने हादसे की पुष्टि की है उन्होंने कहा कि घायल मजदूरों कोनिकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

पन्ना के अमानगंज स्थित पुरैना जेके सीमेंट प्लांट फैक्टरी में दूसरी यूनिट के निर्माण कार्य के दौरान आज सुबह करीब आठ बजे एक निर्माणाधीन बिल्डिंग का एक हिस्सा मजदूरों के ऊपर गिर गया। इसमें वहां काम कर रहे कई मजदूर दब गए। हादसे के बाद दूसरे मजदूरों ने घटना की सूचना तुरंत फैक्टरी प्रबंधन को दी। इसके बाद अंदर फंसे मजदूरों को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू हुआ। फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। प्रभारी कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक पन्ना और छह से अधिक थानों के थाना प्रभारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद है।

खबर लिखे जाने तक प्रशासन और प्रबंधन की तरफ से कोई अधिकृत जानकारी नहीं दी जा रही है। प्लांट का मेन गेट बंद कर दिया गया है। प्लांट के अंदर केवल प्रशासन और कर्मचारियों के साथ-साथ एसडीआरएफ की टीम है। मौके पर मौजूद जिले के पुलिस अधीक्षक एसपी साईं कृष्ण एस थोटा ने बताया कि पुलिस बल और एसडीआरएफ की टीम राहत और बचाव कार्य में लगी है। अभी मरने वालों और घायलों की संख्या की पुष्टि नहीं हुई है।

पन्ना की अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने बताया कि राहत बचाव कार्य किया जा रहा है। कई घायल मजदूरों को नजदीकी कटनी जिला अस्पताल रेफर किया गया है। मलबे में दबे कई मजदूरों को निकालने की कोशिश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here