रेवाड़ी: पत्रकारिता का राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान: अभिषेक मीणा

0
229

रेवाड़ी, 30 मई (हि.स.)। हिंदी पत्रकारिता दिवस पर शुक्रवार को उपायुक्त अभिषेक मीणा ने जिला के सभी मीडियाकर्मियों को हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन से लेकर वर्तमान समय तक पत्रकारिता का राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

उन्होंने बताया कि 30 मई को पंडित जुगल किशोर शुक्ल ने 1826 में प्रथम हिंदी समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन आरंभ किया था। यह दिन हिंदी पत्रकारिता के इतिहास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जिस ने देश में पत्रकारिता की दिशा को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि हिंदी पत्रकारिता दिवस देश के लिए एक गौरव का दिन है।

उन्होंने कहा कि आज विश्व में हिंदी के बढ़ते वर्चस्व व सम्मान में हिंदी पत्रकारिता का विशेष योगदान है। हिंदी पत्रकारिता की एक ऐतिहासिक व स्वर्णिम यात्रा रही है जिसमें संघर्ष, कई पड़ाव व सफलताएं भी शामिल है। उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम या उसके बाद के उभरते नये भारत की बात हो, तो उसमें हिंदी पत्रकारिता के भागीरथ प्रयास को नकारा नहीं जा सकता। समाज का प्रत्येक वर्ग फिर चाहे वो किसान हो, मजदूर हो, शिक्षित वर्ग हो या फिर समाज के प्रति चिंतन-मनन करने वाला आम आदमी, सभी हिंदी पत्रकारिता के साथ अपने आपको जुड़ा हुआ मानते हैं। हिंदी पत्रकारिता सही मायनों में सरकार व जनता के बीच एक सेतु का कार्य भी करती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here