सांतरागाछी के पास बड़ा रेल हादसा टला, ट्रैक मेंटेनेंस ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरे

0
286

सांतरागाछी के पास ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला

खड़गपुर/हावड़ा। सांतरागाछी रेल क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ा रेल हादसा होते-होते टल गया। सांतरागाछी रेल यार्ड की ओर जा रही एक ट्रैक मेंटेनेंस ट्रेन के दो कोच अचानक पटरी से उतर गए। सौभाग्यवश, ट्रेन की रफ्तार कम होने के कारण इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ

बाकसारा लेवल क्रॉसिंग के पास हुआ हादसा

दक्षिण पूर्व रेलवे सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात पद्मपुकुर स्टेशन से सांतरागाछी रेल यार्ड की ओर रवाना हुई ट्रैक मेंटेनेंस ट्रेन बाकसारा लेवल क्रॉसिंग के समीप पहुंचते ही तकनीकी खराबी का शिकार हो गई। इसी दौरान ट्रेन के दो डिब्बे पटरी से उतर गए और ट्रेन अप लाइन पर ही रुक गई।

रेल यातायात रहा प्रभावित

घटना के बाद शालीमार और सांतरागाछी स्टेशनों के बीच रेल परिचालन बाधित हो गया। इसका असर दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर मंडल तक देखने को मिला। पहले से ही हावड़ा–खड़गपुर रेल मार्ग पर कुछ ट्रेनें देरी से चल रही थीं, जिससे अप और डाउन दोनों लाइनों पर ट्रेनों को धीमी गति से चलाना पड़ा।

युद्धस्तर पर चला बहाली अभियान

लाइनच्युत होने की सूचना मिलते ही रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सांतरागाछी रेल यार्ड से दुर्घटना राहत ट्रेन भेजी गई और देर रात तक युद्धस्तर पर बहाली कार्य चलता रहा। कड़ी मशक्कत के बाद पटरी से उतरे दोनों कोचों को पुनः ट्रैक पर चढ़ा दिया गया।

परिचालन सामान्य

दक्षिण पूर्व रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि ट्रेन की गति कम होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। बहाली कार्य पूरा होने के बाद हावड़ा–सांतरागाछी रेल मार्ग पर ट्रेन परिचालन पूरी तरह सामान्य कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here