नवीन ज्वेलर्स डकैती कांड में 24 घंटे में दूसरी मुठभेड़, एक बदमाश घायल, दूसरा ने किया आत्मसमर्पण

0
170

जालौन, 28 मई (हि.स.)। कोंच में हुई बहुचर्चित नवीन ज्वेलर्स डकैती मामले में जालौन पुलिस को 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी सफलता हाथ लगी है। मंगलवार को पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में एक बदमाश घायल हो गया, जबकि दूसरा बदमाश पुलिस की घेराबंदी और मुठभेड़ के डर से खुद ही सरेंडर कर बैठा।

एसपी डॉ. दुर्गेश कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत कोंच कोतवाली, कैलिया थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कोंच क्षेत्र के जुझारपुरा से हिंगुटा जाने वाली नहर पट्टी के पास बदमाशों की घेराबंदी की। पुलिस को देख बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी, जवाबी कार्रवाई में गोलू उर्फ अजय कुशवाहा पुत्र राजेन्द्र कुशवाहा निवासी कैलिया घायल हो गया। पुलिस ने उसे तुरंत हिरासत में लेते हुए इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा।

वहीं, मौके पर मौजूद उसका साथी रामू कुशवाहा पुत्र चतुर सिंह निवासी कैलिया पुलिस की सख्ती और मुठभेड़ के डर से घबरा गया और मौके पर ही आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस अब उससे पूछताछ कर डकैती में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

सोमवार को भी तीन बदमाश हुए थे गिरफ्तार

गौरतलब है कि इससे पहले सोमवार रात को भी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान तीन बदमाशों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया था। इनकी पहचान झांसी के समथर थाना क्षेत्र के करहई गांव निवासी राजवीर गोस्वामी, रामेन्द्र उर्फ रामू पाल और रानू के रूप में हुई थी।

अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा

मंगलवार की मुठभेड़ की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार वर्मा और कोंच क्षेत्राधिकारी परमेश्वर प्रसाद मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से दो तमंचे, कारतूस, एक बाइक और कुछ आभूषण बरामद किए हैं।

पांच गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

एसपी दुर्गेश कुमार ने बताया कि नवीन ज्वेलर्स डकैती कांड में शामिल छह बदमाशों की पहचान हो चुकी है। अब तक पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं, जबकि एक अन्य की तलाश में टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here