मध्‍य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू, भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत 40 जिलों में छाया कोहरा

0
517

– प्रदेश में अगले 3 दिन मध्यम से घने कोहरे का अलर्ट

भोपाल, 3 जनवरी (हि.स.)। नए साल के आगमन के साथ ही मध्‍य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का दौर शुरू हो गया है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर-उज्जैन समेत प्रदेश के करीब 40 जिलों में आज शुक्रवार सुबह भी कोहरा छाया रहा। ग्वालियर में विजिबिलिटी 100 मीटर के आसपास रही। राजधानी भोपाल में ओस के चलते शहरभर की सड़कें भीगी नजर आईं। जबलपुर में सुबह और रात को कड़ाके की ठंड पड़ रही है। पचमढ़ी में पारा 4 डिग्री सेल्सियस के नीचे है। वहीं, सभी शहरों में पारा 13 डिग्री से कम बना हुआ है। मौसम विभाग ने अगले 3 दिन तक मध्यम से घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। हालांकि, इस दौरान शीतलहर का अलर्ट नहीं है।

मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि प्रदेश में अभी कोहरे का असर बना रहेगा। तीन दिन के बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होगी। उन्‍होंने बताया कि जम्मू, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, लद्दाख में बर्फबारी हो रही है। जिससे सर्द हवाएं मध्‍य प्रदेश में आ रही हैं। वहीं, जेट स्ट्रीम हवा 12.6 किमी की ऊंचाई पर 222 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है। इस कारण ठंड का असर है। आने वाले दिनों में बर्फ पिघलेगी। जिससे हवा की रफ्तार तेज होगी और प्रदेश में ठंड का असर बढ़ जाएगा। इस कारण जनवरी में प्रदेश का मौसम ठंडा ही रहेगा। 20 से 22 दिन तक शीतलहर चलने का अनुमान है।

प्रदेश में आज शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, समेत 37 जिलों में मध्यम से घना कोहरा रहेगा। 4 जनवरी को भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत 27 जिलों में घना कोहरा रहेगा। जबकि 5 जनवरी को 29 जिलों में घना कोहरा छाया रहेगा। नए साल की दूसरी रात ने भी प्रदेश को कंपकपा दिया। गुरुवार-शुक्रवार की रात पचमढ़ी में तो एक ही रात में पारा 7.6 डिग्री लुढ़क कर 3.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। रीवा, रायसेन, मंडला, नौगांव, राजगढ़, खजुराहो, उमरिया, गुना में पारा 7 डिग्री के नीचे रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में सबसे कम 6.8 डिग्री, जबलपुर में 7 डिग्री, ग्वालियर में 7.6 डिग्री, उज्जैन में 9 डिग्री और इंदौर में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुरुवार की सुबह प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरे का असर देखने को मिला।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here