मध्‍य प्रदेश में भीषण गर्मी का सितम जारी, 9 शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार

0
545

भोपाल, 17 अप्रैल (हि.स.) । राजधानी भोपाल समेत प्रदेशभर में भीषण गर्मी का सितम जारी है। ओले-बारिश और आंधी का सिस्टम कमजोर पड़ते ही प्रदेश में एक बार फि‍र गर्मी का असर बढ़ गया है। लोग सड़कों पर धूप से बचने के लिए छाते लेकर निकल रहे हैं। कुछ लोग कपड़े से मुंह ढककर धूप की तपिश से खुद हो बचा रहे। मालवा-निमाड़ यानी इंदौर-उज्जैन संभाग सबसे गर्म है। ग्वालियर, चंबल संभाग में भी गर्म हवाओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने आज गुरुवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्से में गर्मी का असर रहने की संभावना जताई है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर में भी तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।

प्रदेश में बुधवार को 9 शहरों में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच गया। इनमें रतलाम, नर्मदापुरम, खंडवा, शाजापुर, खरगोन, नरसिंहपुर, उज्जैन, धार और गुना शामिल हैं। सबसे गर्म रतलाम रहा। जहां तापमान 42.6 डिग्री दर्ज किया गया। नर्मदापुरम में 41.6 डिग्री, खंडवा में 41.5 डिग्री, शाजापुर में 41.1 डिग्री और खंडवा-नरसिंहपुर में पारा 41 डिग्री रहा। उज्जैन में 40.7 डिग्री, धार में 40.4 डिग्री और गुना में पारा 40.3 डिग्री पहुंच गया।

प्रदेश में बुधवार को गर्मी के साथ बारिश का दौर भी रहा। धार के मनावर में शाम को आधे घंटे तक तेज बारिश हुई। वहीं, पांढुर्णा में भी पानी गिरा। रात में खरगोन, बालाघाट, सिवनी, मंडला, बड़वानी, बुरहानपुर और बैतूल में भी मौसम बदला रहा। मौसम विभाग का कहना है कि 18 अप्रैल तक तेज गर्मी की संभावना है। इसके बाद तापमान में 2 से 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here