क्वाड्रेंट फ्यूचर की स्टॉक मार्केट में जोरदार एंट्री, लिस्टिंग के बाद खरीदारी के सपोर्ट से लगा अपर सर्किट

0
284

नई दिल्ली, 14 जनवरी (हि.स.)। भारतीय रेलवे के लिए काम करने वाली कंपनी क्वाड्रेंट फ्यूचर के शेयरों की आज स्टॉक मार्केट में जबरदस्त एंट्री हुई। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 290 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई पर इसकी 374 रुपये के स्तर पर और एनएसई पर 370 रुपये के स्तर पर लिस्टिंग हुई। लिस्टिंग के बाद खरीदारी के सपोर्ट से थोड़ी ही देर में ये शेयर 380.20 रुपये के अपर सर्किट लेवल पर पहुंच गया। इस तरह आईपीओ निवेशकों को पहले दिन ही 31.10 प्रतिशत का मुनाफा हो गया है।

क्वाड्रेंट फ्यूचर का 290 करोड़ रुपये का आईपीओ 7 से 9 जनवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से जोरदार रिस्पॉन्स मिला था जिसके कारण ये ओवरऑल 195.96 गुना सब्सक्राइब हो गया था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 139.77 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 268.03 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 256.46 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले एक करोड़ नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपने इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग सिस्टम को डेवलप करने, पुराने कर्ज को चुकाने, लॉन्ग टर्म वर्किंग कैपिटल की जरूरत को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्य में करेगी।

मुख्य रूप से रेलवे के कवच प्रोजेक्ट के लिए काम करने वाली कंपनी क्वाड्रेंट फ्यूचर की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। 2021-22 में कंपनी को 1.94 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ था, जो 2022-23 में बढ़ कर 13.9 करोड़ रुपये तथा 2023-24 में 14.71 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का रेवेन्यू 20 प्रतिशत से अधिक की चक्रवृद्धि दर से बढ़कर 151.82 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2024 के बीच कंपनी को 12.11 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ है। इस दौरान कंपनी को 65.14 करोड रुपये का रेवेन्यू मिला है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here