घने कोहरे की चपेट में सुलतानपुर, ठंड बढ़ने पर कक्षा 8 तक के स्कूलों का बदला समय

0
329

घने कोहरे की चपेट में सुलतानपुर, स्कूलों का बदला समय

सुलतानपुर, 18 दिसंबर (हि.स.)।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में घने कोहरे और कड़ाके की ठंड ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। गुरुवार सुबह जिले के अधिकांश इलाकों में दृश्यता बेहद कम रही। मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने कक्षा 8 तक के सभी स्कूलों का समय परिवर्तित कर दिया है।

सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक चलेंगे स्कूल

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपेंद्र गुप्ता ने बताया कि गुरुवार से कक्षा 8 तक के सभी परिषदीय, मान्यता प्राप्त और निजी स्कूल सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक संचालित किए जाएंगे। यह निर्णय छोटे बच्चों को ठंड और कोहरे से होने वाली परेशानियों से बचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

तापमान 12 डिग्री, AQI 221 पर पहुंचा

गुरुवार सुबह सुलतानपुर का न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। देर रात करीब 10:30 बजे से शुरू हुआ कोहरा सुबह तक और घना हो गया। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 221 दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। वहीं हवा की गति लगभग 8 किलोमीटर प्रति घंटा रही।

ठंड के बीच अलाव की व्यवस्था न होने से परेशानी

बुधवार को भी जिले में मौसम खराब रहा। अपराह्न करीब 3 बजे के बाद ही सूर्य के दर्शन हो पाए और इसके कुछ समय बाद आसमान में बादल छा गए। इसके बावजूद शहर और ग्रामीण इलाकों में प्रशासन द्वारा अलाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं की गई, जिससे खासकर गरीब, मजदूर और राहगीरों को ठंड से जूझना पड़ रहा है।

अगले कुछ दिन ठंड और कोहरे की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले कुछ दिनों तक घना कोहरा और ठंड बनी रह सकती है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here