सिडनी टेस्ट : गेंदबाजों ने दिलाई भारत को वापसी, दूसरे दिन लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने 101 रन पर खोए 5 विकेट

0
485

सिडनी, 4 जनवरी (हि.स.)। भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच यहां खेले जा रहे बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के पांचवें और अंतिम टेस्ट मैच के दूसरे दिन भारतीय गेंदबाजों ने बेहतरीन प्रदर्शन कर ऑस्ट्रेलिया को बैकफुट पर धकेल दिया है। दूसरे दिन लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट पर 101 रन बना लिए हैं। ब्यू वेबस्टर 28 और एलेक्स कैरी 04 रन बनाकर नाबाद हैं। ऑस्ट्रेलियाई टीम अभी भी पहली पारी के आधार पर भारत से 84 रन पीछे है। भारत ने अपनी पहली पारी में 185 रन बनाए थे।

ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी की शुरुआत खराब रही और ऑस्ट्रेलियाई टीम ने केवल 9 रन पर अपना पहला विकेट खो दिया। उस्मान ख्वाजा केवल 2 रन बनाकर बुमराह का शिकार बने।

बुमराह ने इसके बाद 15 के कुल स्कोर पर मार्नश लाबुशेन (02) को पंत के हाथों कैच कराकर ऑस्ट्रेलिया को दूसरा झटका दिया। 35 के कुल स्कोर पर मोहम्मद सिराज ने सैम कोंस्टास को यशस्वी जायसवाल के हाथों कैच कराकर भारत को तीसरी सफलता दिलाई।

ट्रेविस हेड कुछ खास नहीं कर सके और केवल 4 रन बनाकर 39 के कुल स्कोर पर सिराज का दूसरा शिकार बने।

यहां से स्टीव स्मिथ और ब्यू वेबस्टर ने पांचवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी कर ऑस्ट्रेलियाई टीम को वापसी दिलाने की कोशिश की, हालांकि 96 के कुल स्कोर पर प्रसिद्ध कृष्णा ने स्मिथ को आउट कर भारत को बड़ी राहत दिलाई। इसके बाद कैरी और वेबस्टर ने लंच तक कोई नुकसान नहीं होने दिया। लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने 5 विकेट पर 101 रन बना लिए। वेबस्टर 28 और कैरी 4 रन बनाकर खेल रहे हैं।

भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज ने 2-2 व प्रसिद्ध कृष्णा ने 1 विकेट लिया।

भारत की पहली पारी 185 रन पर सिमटी

इससे पहले भारत ने अपनी पहली पारी में 185 रन बनाए। भारत के लिए ऋषभ पंत ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। पंत के अलावा रवींद्र जडेजा ने 26, कप्तान जसप्रीत बुमराह ने 22 और शुभमन गिल ने 20 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से स्कॉट बोलैंड ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए। बोलैंड के अलावा मिचेल स्टॉर्क ने तीन, पैच कमिंस ने 2 और नाथन लियोन ने 1 विकेट लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here