घाटी में अगले कुछ दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना

0
831

श्रीनागर, 14 जनवरी (हि.स.)। मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि कश्मीर में शीतलहर जारी है और घाटी में न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से कई डिग्री नीचे बना हुआ है। विभाग ने कहा कि घाटी में अगले कुछ दिनों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार श्रीनगर में सोमवार रात न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 4.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। स्कीइंग के लिए मशहूर उत्तरी कश्मीर के पर्यटक स्थल गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 6.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दक्षिण कश्मीर में वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविरों में से एक पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 5.6 डिग्री सेल्सियस, पंपोर शहर के कोनीबल में शून्य से नीचे 5.5 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा में शून्य से नीचे 4.7 डिग्री सेल्सियस और कोकरनाग में शून्य से नीचे 3.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग ने कहा कि घाटी में मौसम 18 जनवरी तक ज्यादातर बादल छाए रहेंगे लेकिन शुष्क रहेगा। 15 और 16 जनवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में कुछ स्थानों पर हल्की बर्फबारी की संभावना है।

कश्मीर इस समय चिल्लई-कलां की चपेट में है जो सर्दियों का सबसे कठोर समय होता है। 21 दिसंबर से शुरू हुए 40 दिनों के चिल्लई-कलां के दौरान बर्फबारी की संभावना सबसे अधिक होती है और तापमान में काफी गिरावट आती है। चिल्लई-कलां 30 जनवरी को समाप्त होगी जिसके बाद 20 दिनों का चिल्लई-खुर्द (छोटी ठंड) और 10 दिनों का चिल्लई-बच्चा (छोटी ठंड) होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here