उरई में चोरी के नौ दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, पीड़ित महिला ने एसपी से की शिकायत

0
193

चोरी की घटना के नौ दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली, पीड़ित ने एसपी से की शिकायत

उरई, 29 नवंबर (हि.स.)। उरई कोतवाली क्षेत्र में 20 नवंबर को हुई लाखों रुपये के जेवर चोरी की घटना का नौ दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है। इससे नाराज पीड़ित महिला ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार से मिलकर निष्पक्ष जांच और तत्काल कार्रवाई की मांग की।

6–8 लाख रुपये के जेवरात से भरा बैग चोरी

कानपुर नगर निवासी सुष्मिता सिंह ने बताया कि 20 नवंबर की दोपहर वह उरई स्टेशन से प्राइवेट बस स्टैंड जा रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर उनका बैग चुरा ले गए। बैग में करीब 6 से 8 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात रखे थे।

पीड़िता बोली—न एफआईआर, न कार्रवाई

सुष्मिता ने कहा कि चोरी की रात लगभग 9 बजे उन्होंने कोतवाली उरई में लिखित शिकायत दी थी, लेकिन पुलिस ने अब तक न तो एफआईआर दर्ज की और न कोई कार्रवाई की है। नौ दिनों से वह थाना, चौकी और अधिकारियों के चक्कर काटने को मजबूर हैं।

उन्होंने बताया कि उन्होंने स्वयं अपने भाई और पति के साथ मिलकर सीसीटीवी फुटेज जुटाकर पुलिस को सौंपे, लेकिन उसके बावजूद कोई प्रगति नहीं हुई। महिला ने पुलिस पर लापरवाही और शिकायत की अनदेखी का आरोप लगाया है।

एसपी बोले—जांच जारी, जल्द खुलासा होगा

पीड़िता की शिकायत मिलने पर पुलिस अधीक्षक डॉ. दुर्गेश कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही खुलासा किया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here