केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र कुमार और बीएल वर्मा ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से की मुलाकात

0
303

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (हि.स.)
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. वीरेंद्र कुमार और राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने मंगलवार को संसद भवन में उपराष्ट्रपति एवं राज्यसभा के सभापति सीपी राधाकृष्णन से शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर दोनों मंत्रियों ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।

मंत्रियों ने उपराष्ट्रपति को मंत्रालय के कामकाज और समाज के वंचित तथा हाशिए पर रहे वर्गों के सशक्तीकरण में इसकी भूमिका की जानकारी दी। उन्होंने मंत्रालय द्वारा संचालित लक्षित वर्गों के सामाजिक, शैक्षिक और आर्थिक विकास के लिए बनाई गई विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी भी साझा की।

उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने बैठक के उपरांत सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि पैरा ओलंपिक और विश्व पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप में दिव्यांगजन का प्रदर्शन अत्यंत हर्षजनक रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की नीति में आए बदलाव और “सहानुभूति से अवसर” की सोच के कारण ही आज यह सफलता संभव हुई है।

इसके साथ ही उन्होंने भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम (बीआईपीएसी) द्वारा हाल के वर्षों में किए गए सुधार और प्रगति की भी सराहना की।

यह मुलाकात सामाजिक न्याय, दिव्यांगजन सशक्तीकरण और मंत्रालय की योजनाओं की समीक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे सरकार और उपराष्ट्रपति कार्यालय के बीच सहयोग और संवाद को नई दिशा मिलेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here