बिलासपुर: अब स्मार्ट टीवी से होगी बच्चों की पढ़ाई, 1100 स्कूलों को मिलेगा लाभ

0
398

रायपुर/बिलासपुर, 8 अक्टूबर (हि.स.)।
छत्तीसगढ़ में शिक्षा को तकनीक से जोड़ने के लिए बिलासपुर जिला प्रशासन ने एक अभिनव कदम उठाया है। अब जिले के मिडिल और प्राइमरी स्कूलों के बच्चे स्मार्ट टीवी के माध्यम से पढ़ाई करेंगे। इस योजना की शुरुआत नगर निगम क्षेत्र से की गई है।

जिला प्रशासन ने ऐसे 1100 स्कूलों की पहचान की है, जहां अब तक स्मार्ट क्लास हेतु टीवी या प्रोजेक्टर नहीं हैं। जनसहयोग से इन सभी स्कूलों में स्मार्ट टीवी लगाए जाएंगे। इस मुहिम में उद्योगपति, व्यापारी, बैंक, निजी संस्थाएँ और जनप्रतिनिधि सक्रिय सहयोग दे रहे हैं।

हाल ही में नगर निगम क्षेत्र के 31 प्राथमिक और माध्यमिक स्कूलों में एक निजी बैंक के सहयोग से स्मार्ट टीवी वितरित किए गए। इस अवसर पर महापौर पूजा विधानी, सभापति विनोद सोनी और निगम आयुक्त अमित कुमार उपस्थित रहे।

महापौर पूजा विधानी ने कहा कि “यह पहल बच्चों को आधुनिक तकनीक से जोड़कर शिक्षा को सशक्त बनाएगी। जहाँ की शिक्षा मजबूत होगी, वही शहर प्रगति करेगा।”

निगम आयुक्त अमित कुमार ने बताया कि “अब उन स्कूलों में भी तकनीकी शिक्षा का लाभ मिलेगा जहाँ पहले संसाधन नहीं थे। स्मार्ट टीवी से पढ़ाई अधिक प्रभावी और रोचक होगी। शिक्षक की अनुपस्थिति में भी विद्यार्थी ई-कंटेंट से अध्ययन जारी रख सकेंगे।”

इस अभियान में संपर्क फाउंडेशन भी जुड़ा है, जो बच्चों को मुफ्त ई-लर्निंग कंटेंट उपलब्ध करा रहा है। जिला प्रशासन बिलासपुर की यह पहल न केवल शिक्षा के डिजिटल रूपांतरण की दिशा में बड़ा कदम है, बल्कि समाज और प्रशासन के सहयोग का प्रेरक उदाहरण भी बन गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here