मध्य प्रदेश: सिवनी पहुंचा विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग, दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

0
377

सिवनी पहुंचा विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग, उमड़ा आस्था का सैलाब

सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी शहर में सोमवार को उस समय अद्भुत धार्मिक वातावरण देखने को मिला, जब विश्व का सबसे बड़ा शिवलिंग यहां से होकर गुजरा। इसकी सूचना मिलते ही शहर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए उमड़ पड़े। हर ओर हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंज उठा।

2.10 लाख किलो वजनी, 33 फीट ऊंचा शिवलिंग

जानकारी के अनुसार यह विशाल शिवलिंग 2 लाख 10 हजार किलोग्राम वजनी है और इसे एक ही पत्थर से तराशा गया है। इसकी ऊंचाई 33 फीट है, जो लगभग तीन मंजिला इमारत के बराबर है। इस शिवलिंग की सबसे खास विशेषता यह है कि इसमें 1008 छोटे शिवलिंग उकेरे गए हैं, जो इसे अद्वितीय बनाते हैं।

तमिलनाडु से बिहार तक की ऐतिहासिक यात्रा

यह भव्य शिवलिंग तमिलनाडु के महाबलीपुरम जिले में तैयार किया गया है। इसे बिहार के चंपारण (जानकीनगर) में निर्माणाधीन विराट रामायण मंदिर में स्थापित किया जाना है। शिवलिंग को करीब 2316 किलोमीटर की दूरी तय कर 106 चक्का वाले विशेष ट्रक से ले जाया जा रहा है।

परिवहन के दौरान पुलों, सड़कों और पुलियों की पहले से तकनीकी जांच की गई है, ताकि इतनी भारी संरचना सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सके।

श्रद्धालुओं ने बताया दुर्लभ और पावन दर्शन

सोमवार दोपहर जैसे ही शिवलिंग सिवनी पहुंचा, श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने इसे अत्यंत दुर्लभ और पवित्र दर्शन बताया। श्रद्धालुओं का कहना है कि विराट रामायण मंदिर में स्थापित होने के बाद यह शिवलिंग न केवल मंदिर की शोभा बढ़ाएगा, बल्कि रामायण काल की आध्यात्मिक गरिमा को भी जीवंत रूप देगा।

ट्रक चालक बोले—भोलेनाथ की कृपा से सुरक्षित यात्रा

इस ऐतिहासिक परिवहन में शामिल ट्रक चालक आलोक सिंह ने बताया कि इतने विशाल और भारी शिवलिंग को ले जाना एक बड़ी चुनौती है। उन्होंने कहा,
“रास्ते में पुलों और सड़कों को लेकर चिंता रहती है, लेकिन भोलेनाथ की कृपा से यात्रा सुरक्षित चल रही है। हमें पूरा विश्वास है कि शिवलिंग सकुशल अपने अंतिम गंतव्य तक पहुंचेगा।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here