सिंगर अभिलिप्सा पंडा ने गुप्त वृन्दावन धाम में किए श्रीकृष्ण बलराम के दर्शन

0
477

जयपुर, 8 अक्टूबर (हि.स.)।
मशहूर भजन गायिका अभिलिप्सा पंडा ने बुधवार को जयपुर के गुप्त वृन्दावन धाम में दर्शन किए और भगवान श्रीकृष्ण बलराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। कार्तिक मास की शुरुआत के साथ ही उन्होंने मंदिर में दीपदान किया।

अभिलिप्सा पंडा ने अपने लोकप्रिय भजन ‘हर हर शम्भू’ के जरिए लोगों के दिलों में अपनी अलग पहचान बनाई है। इस अवसर पर गुप्त वृन्दावन धाम के अध्यक्ष अनंत शेष दास ने उनका स्वागत किया और मंदिर के आध्यात्मिक तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जानकारी साझा की।

अभिलिप्सा पंडा ने अक्षय पात्र रसोई का अवलोकन भी किया और हरे कृष्ण मूवमेंट द्वारा किए जा रहे सामाजिक कार्यों की प्रशंसा की। उनका कहना था कि इस तरह के कार्यक्रम समाज में सकारात्मक संदेश फैलाने में मददगार होते हैं।

गुप्त वृन्दावन धाम राजस्थान का सबसे विशाल और भव्य मंदिर बनने जा रहा है। 17 मंजिलों वाले इस मंदिर में विशाल कीर्तन हॉल, थिएटर, थ्रीडी स्टूडियो और अन्य आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। यह मंदिर न केवल धार्मिक स्थल के रूप में बल्कि राजस्थान के पर्यटन को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने में भी योगदान देगा।

अभिलिप्सा पंडा का यह दौरा धार्मिक और सांस्कृतिक क्षेत्र में युवाओं को प्रेरित करने का महत्वपूर्ण अवसर भी माना जा रहा है। उनके दर्शन और दीपदान से मंदिर परिसर में आध्यात्मिक वातावरण और उत्साह बढ़ा।

गुप्त वृन्दावन धाम में इस तरह के आयोजन राजस्थान में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने और भजन संगीत के महत्व को उजागर करने में सहायक साबित हो रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here