पेंशनर्स दिवस पर डीएम ने सुनीं सेवानिवृत्त कर्मियों की समस्याएं, शीघ्र निस्तारण का आश्वासन

0
263

पेंशनर्स दिवस : डीएम ने सुनीं सेवानिवृत्त कर्मियों की समस्याएं

औरैया। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में पेंशनर्स दिवस का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी डॉ. इन्द्रमणि त्रिपाठी ने विभिन्न विभागों से सेवानिवृत्त हुए पेंशनरों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।

डीएम ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी अपने सेवाकाल में जनता की सेवा करते हैं, इसलिए सेवानिवृत्ति के बाद उन्हें अपनी समस्याओं के समाधान के लिए भटकना न पड़े, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भुगतान से संबंधित लंबित प्रकरणों का विभागीय समन्वय के माध्यम से नियमानुसार शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा

लंबित मामलों पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने भरोसा दिलाया कि आगामी पेंशनर्स दिवस की बैठक से पूर्व सभी प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की जानकारी संबंधित पेंशनरों को उपलब्ध करा दी जाएगी, ताकि उन्हें बार-बार शिकायत दर्ज न करनी पड़े।

उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि अपने-अपने विभाग से जुड़े पेंशनरों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान सुनिश्चित करें

नियमित समीक्षा के निर्देश

डीएम ने वरिष्ठ कोषाधिकारी को निर्देशित किया कि लंबित पेंशन प्रकरणों की जानकारी प्रत्येक माह के द्वितीय शुक्रवार को आयोजित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रस्तुत की जाए, जिससे संबंधित विभागों से समन्वय कर समयबद्ध समाधान किया जा सके।

इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभागाध्यक्ष पेंशन संबंधी मामलों की साप्ताहिक समीक्षा करें और समस्याओं का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करें।

तहसील स्तर पर भी होगी सुनवाई

जिलाधिकारी ने यह भी कहा कि जनपद की समस्त तहसीलों और विभागीय कार्यालयों में प्रत्येक माह के द्वितीय शुक्रवार को सेवानिवृत्त कर्मियों की समस्याएं सुनी जाएं और की गई कार्रवाई से पेंशनरों को अवगत कराया जाए।

बैठक में रहे उपस्थित

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश चन्द्र मौर्य, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) नीरज प्रसाद, वरिष्ठ कोषाधिकारी हरेश कुमार सोलंकी, सहायक कोषाधिकारी अजय तिवारी, लेखाकार गौरव कुमार पाण्डेय, मनीष गुप्ता सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में पेंशनर्स उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here