दिल्ली एयरपोर्ट के नवनिर्मित टर्मिनल-2 का नागर विमानन मंत्री ने किया उद्घाटन

0
329

नवीनीकृत टर्मिनल से बढ़ेगी यात्रियों की सुविधा

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (हि.स)। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने शनिवार को दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (आईजीआईए) के पुनर्निर्मित टर्मिनल-2 (टी2) का उद्घाटन किया। यह आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित टर्मिनल रविवार से यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।

1.5 करोड़ यात्रियों की वार्षिक क्षमता

मंत्री नायडू ने कहा कि बीते छह महीनों से नवीनीकरण कार्य चल रहा था, और अब यह टर्मिनल यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित अनुभव देगा। उन्होंने बताया कि दिल्ली एयरपोर्ट देश का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा है, जो 8 करोड़ यात्रियों को सेवा प्रदान करता है और 157 घरेलू व अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों को जोड़ता है।
नायडू ने कहा, “भारत जल्द दुनिया के सबसे बड़े नागरिक विमानन नेटवर्क में शामिल होने की दिशा में अग्रसर है।”

डायल सीईओ ने दी जानकारी

नई दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विदेह कुमार जयपुरियार ने कहा कि अब दिल्ली एयरपोर्ट की कुल वार्षिक संचालन क्षमता 10 करोड़ यात्रियों से अधिक हो गई है।

आधुनिक सुविधाओं से लैस टर्मिनल

भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा करीब चार दशक पहले निर्मित यह टर्मिनल इस वर्ष अप्रैल में नवीनीकरण के लिए बंद किया गया था। अब इसे अत्याधुनिक डिज़ाइन, विस्तृत चेक-इन क्षेत्र, और यात्रियों की सुविधा के लिए उन्नत टेक्नोलॉजी से लैस किया गया है।
टर्मिनल-2 की वार्षिक क्षमता 1.5 करोड़ यात्रियों की है, जिससे आईजीआईए की कुल क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

वर्तमान में आईजीआई एयरपोर्ट में तीन टर्मिनल (टी1, टी2, टी3) और चार रनवे हैं, जहां से रोजाना लगभग 1,300 उड़ानों का संचालन होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here