137 ग्राम स्मैक के साथ दो कारोबारी गिरफ्तार, एसएसबी और फारबिसगंज पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

0
338

एसएसबी और पुलिस की संयुक्त छापेमारी में बड़ी कामयाबी

अररिया, 25 अक्टूबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 56वीं बटालियन की विशेष टीम ने फारबिसगंज थाना पुलिस के साथ संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए 137 ग्राम स्मैक के साथ दो नशा कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।

यह कार्रवाई निरीक्षक प्रवीण प्रभाकर के नेतृत्व में रामपुर उत्तर गांव में पप्पू कुमार के घर पर बीती मध्यरात्रि गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

137 ग्राम स्मैक, नौ मोबाइल और स्कूटी बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 137 ग्राम स्मैक के अलावा नौ मोबाइल फोन, एक हीरो स्कूटी (BR 38U 5925) और ₹3,340 नकद बरामद किए। जब्त सामान की सूची मजिस्ट्रेट सीओ पंकज कुमार की उपस्थिति में तैयार कर थाना पुलिस को सुपुर्द कर दी गई।

दो नशा कारोबारी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामपुर उत्तर वार्ड संख्या 8 निवासी पप्पू कुमार (25) पिता देवनारायण बहरदार और रामपुर उत्तर वार्ड संख्या 3 निवासी मो. अब्दुल (26) पिता मो. मंजूर के रूप में हुई है। दोनों को भागने की कोशिश करते समय एसएसबी जवानों ने खदेड़कर पकड़ा।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

फारबिसगंज थाना में कांड संख्या 546/25, धारा 8(सी), 21(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। छापेमारी टीम में एसएसबी के निरीक्षक प्रवीण प्रभाकर के अलावा 13 जवान, श्वान दस्ता, सब इंस्पेक्टर सत्येन्द्र कुमार गुप्ता, और सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here