दिल्ली में यमुना के किनारों पर छठ पूजा की विशेष व्यवस्थाएं: रेखा गुप्ता

0
311

दिल्ली में यमुना किनारों पर छठ पूजा की विशेष व्यवस्थाएं

नई दिल्ली, 29 सितंबर (हि.स.) – दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने घोषणा की है कि इस बार यमुना नदी के दोनों किनारों पर छठ पूजा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की जाएंगी। उनका कहना है कि व्रतधारियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने दिल्ली सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक के दौरान बताया कि पल्ला से ओखला तक यमुना किनारों पर जहां भी समतल भूमि उपलब्ध होगी, वहां पूजा स्थलों पर सफाई, पानी का छिड़काव, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही, आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

उन्होंने कहा कि यमुना में विसर्जन की अनुमति नहीं है और छठ पूजा में इसका कोई प्रावधान नहीं है। इसके अलावा, आईटीओ, ओखला और वजीराबाद जैसे पुराने स्थलों पर व्यवस्थाएं और दुरुस्त की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी पूजा स्थलों की सफाई और स्वच्छता सुनिश्चित की जाए।

दिल्ली में यमुना के किनारों के अलावा मुनक नहर, मुंगेशपुर ड्रेन और कृत्रिम तालाबों में भी छठ पूजा आयोजित होती है। राजधानी में कुल 929 स्थलों पर पूजा-अर्चना की जाती है, जिन पर सरकार द्वारा समुचित सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छठ महापर्व पूर्वांचलवासियों की आस्था और संस्कृति का महत्वपूर्ण पर्व है। दिल्ली सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि इस बार श्रद्धालु पूरी श्रद्धा और भव्यता के साथ पर्व मना सकें। आवश्यक होने पर यमुना में अतिरिक्त पानी की व्यवस्था के लिए हरियाणा सरकार से भी सहयोग लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here