फर्रुखाबाद में पुलिस मुठभेड़, अभिरक्षा से फरार हिस्ट्रीशीटर बदमाश गिरफ्तार

0
147

फर्रुखाबाद में पुलिस मुठभेड़

उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में पुलिस अभिरक्षा से फरार हुए हिस्ट्रीशीटर बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस हिरासत से हुआ था फरार

जानकारी के अनुसार थाना राजेपुर क्षेत्र में लूट की वारदात के दौरान सीतापुर जिले के हिस्ट्रीशीटर उमेश और कुलवंत को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया था। दोनों पर अधिवक्ता राजेश पाठक के घर में घुसकर गोलीबारी करने का आरोप है।

मेडिकल के दौरान भागा आरोपी

पुलिस दोनों आरोपियों को मेडिकल परीक्षण के लिए लोहिया अस्पताल ले जा रही थी। इसी दौरान आरोपी कुलवंत ने एक सिपाही को धक्का देकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया।

खेतों में छिपा था हिस्ट्रीशीटर

पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देश पर कई टीमों का गठन कर आरोपी की तलाश शुरू की गई। बाद में सूचना मिली कि कुलवंत कुइयां गांव के पास खेतों में छिपा हुआ है।

पुलिस पर की फायरिंग

सीओ राजेपुर ऐश्वर्या उपाध्याय के अनुसार पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी की, लेकिन आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।

जवाबी कार्रवाई में लगी गोली

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें कुलवंत के पैर में गोली लग गई। घायल बदमाश को गिरफ्तार कर लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कर रही आगे की जांच

पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। आरोपी के आपराधिक इतिहास और उसके अन्य साथियों की तलाश भी की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here