सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर में लगी भीषण आग, एक बोगी जलकर राख

0
173

सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर में आग

बिहार के सासाराम रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन में अचानक आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में ट्रेन की एक बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई।

प्लेटफार्म पर मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार ट्रेन संख्या 53212 सासाराम-पटना फास्ट पैसेंजर प्लेटफार्म संख्या छह पर खड़ी थी। यात्री ट्रेन में बैठ रहे थे, तभी एक बोगी से धुआं निकलता दिखाई दिया। धुआं देखते ही स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई।

मजदूरों और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा

रैक प्वाइंट पर मौजूद मजदूरों ने तुरंत आग बुझाने की कोशिश शुरू की। सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और रेलकर्मियों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया।

एक बोगी पूरी तरह जली

आग इतनी तेज थी कि ट्रेन की पांचवीं बोगी पूरी तरह जलकर राख हो गई। वहीं चौथी बोगी का पिछला हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। अन्य डिब्बों को बचाने के लिए जले हुए कोच को ट्रेन से अलग कर दिया गया।

यात्रियों को हुई परेशानी

घटना के बाद ट्रेन को सासाराम स्टेशन पर ही रोक दिया गया। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई यात्री बस और अन्य साधनों से पटना व आरा जाने की तैयारी करने लगे।

रेलवे का बयान

पूर्व मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सरस्वती चन्द्र ने बताया कि सुबह करीब 5:30 बजे ट्रेन के एक खाली कोच से धुआं निकलने की सूचना मिली थी। उस समय कोच में कोई यात्री मौजूद नहीं था।

उन्होंने बताया कि रेलकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए छह बजे कोच को अलग किया और फायर ब्रिगेड की मदद से सुबह 6:45 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है।

जांच शुरू

रेलवे प्रशासन ने आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की वजह माना जा रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here