मेड की हत्या कर लाश पार्क में फेंकने का आरोपित चचेरा फूफा मुठभेड़ में गिरफ्तार

0
318

गाजियाबाद, 06 जनवरी (हि.स.)। कौशाम्बी थाना क्षेत्र के पोडियम पार्क में चाकू से गोदकर हत्या करने के मामले में कौशांबी पुलिस ने रविवार रात में हत्या के आरोपित चचेरे फूफा को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया है। गोली से आरोपित घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमन्चा मय जिन्दा कारतूस, खोखा कारतूस व रक्तरंजित चाकू बरामद किया है।

एसीपी स्वतंत्र कुमार सिंह ने बताया कि 31 दिसंबर 2024 की रात में सोनी (20) नाम की एक युवती की रक्तरंजित लाश कौशांबी थाना क्षेत्र स्थित पोडियम पार्क में बरामद हुई थी। सोनी के परिजनों ने उसकी पहचान करते हुए उसके चचेरे फूफा पर हत्या करने का आरोप लगाया था। पुलिस तभी से आरोपित की तलाश कर रही थी।

रविवार की रात में थाना कौशांबी पुलिस चेकिंग अभियान चला रही थी। तभी सेक्टर 2/5 वैशाली की पुलिया पर एक संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखायी दिया, जिसे रुकने के लिये कहा तो यह एलिवेटिड रोड के नीचे कच्ची सड़क पर भागने लगा। शक होने पर उसका पीछा किया गया तो उसने पुलिस पार्टी पर फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ पुलिस पार्टी की फायरिंग में युवक को पैर में गोली लगी। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम नीरज निवासी भोवापुर थाना कौशाम्बी बताया। वह कल्याणपुर थाना जहांगीराबाद जनपद बुलन्दशहर का मूल निवासी है।

आरोपित नीरज ने बताया कि मैं सोनी का रिश्ते में चचेरा फूफा लगता हूँ। मेरी शादी को करीब 13-14 साल हो गये है। मेरे 04 बच्चे हैं। मैं अपने परिवार के साथ भोवापुर में करीब पांच साल से रह रहा हूं और सेक्टर 68 नोएडा में कपड़े सिलने का काम करता हूँ और भोवापुर में भी घर पर सिलाई का काम करता हूँ। सोनी कौशाम्बी में कोठियों में काम करती थी। उसके बाद मेरे साथ सिलाई का काम भी करती थी। हमें साथ काम करते हुए करीब 05 साल हो गये थे। सोनी और मेरी नजदीकियां काफी बढ़ चुकी थीं। मैंने सोनी के साथ कई बार उसकी मर्जी से शारिरिक सम्बंध बनाये थे, लेकिन कुछ दिन पहले सोनी की शादी फरीदाबाद से तय हो गयी थी। सोनी को अपना होने वाला पति पसन्द नही था। सोनी मुझ पर शादी करने का दबाव बनाने लगी थी। मेरे मना करने पर आत्महत्या करने व मुझे जेल भिजवाने की धमकी देने लगी थी। 31 दिसंबर को सोनी ने मुझे आत्महत्या की धमकी देते हुए मिलने के लिये बुलाया, जिसके बाद मैं मिलने के लिये गया और हम दोनों पोडियम पार्क वैशाली चले गये। वहां पर सोनी मुझ पर शादी करने का दबाव बनाने लगी और कहने लगी कि मुझे अभी भगाकर ले चलो। अपना परिवार व अपने बच्चों को बर्बाद होने के डर से मैंने चाकू से सोनी पर ताबड़तोड़ वार कर दिये। जब मुझे लगा कि सोनी मर गयी है तब मैं सोनी को छोड़कर अपनी फैक्ट्री नोएडा वापस भाग गया था। आज मैं घटना में प्रयुक्त चाकू को नष्ट करने आया तो पुलिस ने पकड़ लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here