किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद-बीज उपलब्ध कराने को सरकार प्रतिबद्ध: डॉ. किरोड़ी लाल

0
273

जयपुर, 9 दिसंबर (हि.स.)। कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ. किरोड़ी लाल मीणा ने कहा है कि राज्य सरकार किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण खाद, बीज और कीटनाशक समय पर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इसके लिए विभाग समय-समय पर व्यापक गुण नियंत्रण अभियान चलाकर कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त रोक लगाने का प्रयास कर रहा है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में रबी बुवाई 95.85 लाख हेक्टेयर में हुई थी, जबकि 2025-26 में यह बढ़कर 105.60 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुकी है। बढ़े हुए रकबे के मद्देनज़र राज्य सरकार ने रबी सीजन के दौरान 23 सितंबर से 15 नवंबर तक विशेष गुण नियंत्रण अभियान चलाया।

अभियान के तहत राज्यभर में 304 खाद-बीज निर्माताओं और विक्रेताओं के परिसरों का निरीक्षण किया गया। टीमों ने कुल 4,087 नमूने विभिन्न प्रयोगशालाओं में जांच के लिए भेजे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर 56 लाइसेंस निलंबित और 8 फर्मों के लाइसेंस निरस्त कर दिए गए।

मंत्री ने बताया कि यूरिया की कालाबाजारी रोकने के लिए भी 24 दिसंबर तक विशेष अभियान चल रहा है। अब तक यूरिया डाइवर्जन के 420 कट्टे जब्त किए जा चुके हैं। कृषि आयुक्तालय से अलग-अलग टीमें बनाकर जिलों में औचक निरीक्षण करवाया जा रहा है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि किसानों को समय पर और उच्च गुणवत्ता वाली कृषि सामग्रियाँ उपलब्ध कराई जाएँ। राज्य सरकार ने कहा कि किसानों के हित में ऐसी सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here