बलूचिस्तान में आर्मी स्कूल की बस पर आत्मघाती हमला, पांच की मौत

0
318

क्वेटा, 21 मई (हि.स.)। पाकिस्तान के अशांत प्रांत बलूचिस्तान में बुधवार को हुए आत्मघाती आतंकी हमले में पांच लोगों की जान चली गई और 38 से अधिक बच्चे घायल हो गए। हमलावर ने आर्मी पब्लिक स्कूल को निशाना बनाया। फिलहाल किसी भी आतंकी समूह या संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।

अल जजीरा चैनल की खबर के अनुसार खुजदार के सरकारी अधिकारी यासिर इकबाल दश्ती ने बताया कि बुधवार को हुए आतंकी हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 38 बच्चे घायल हो गए। उन्होंने कहा कि बस सुबह बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। तभी उसे निशाना बनाया गया। सेना ने बयान में कहा कि हमले में कम से कम तीन बच्चे और दो वयस्क मारे गए।

गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने खुजदार के जीरो पॉइंट इलाके के पास हुए हमले की निंदा की और मारे गए लोगों के प्रति गहरा दुख और शोक जताया है। उन्होंने कहा कि दुश्मन ने मासूम बच्चों पर बर्बरता से हमला किया। स्कूल बस पर हमला देश में अस्थिरता पैदा करने के लिए दुश्मन की एक जघन्य साजिश है। अधिकारियों ने कहा कि विस्फोट बहुत घातक है। इसलिए मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है। फिलहाल हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है।

खनिज और प्राकृतिक संसाधनों से समृद्ध बलूचिस्तान प्रांत में सरकार और जातीय बलूच अलगाववादियों के बीच दशकों से संघर्ष चल रहा है। आज का यह हमला बलूचिस्तान के किल्लाह अब्दुल्लाह के एक बाजार के पास कार बम विस्फोट में चार लोगों की मौत के कुछ दिनों बाद हुआ है। इससे पहले बलूचिस्तान लिबरेशन आर्मी के लड़ाकों ने मार्च में बलूचिस्तान में एक ट्रेन को हाईजैक कर 33 लोगों को मार डाला था। इनमें से ज्यादातर सैनिक थे।

दिसंबर 2014 में सशस्त्र समूह तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर में आर्मी पब्लिक स्कूल को निशाना बनाया था। इसमें 140 से अधिक बच्चे मारे गए थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here