स्वस्थ फूडटेक ने आईपीओ निवेशकों को किया निराश, फ्लैट लिस्टिंग के बाद लगा लोअर सर्किट

0
408

नई दिल्ली, 28 फरवरी (हि.स.)। राइस ब्रान ऑयल प्रॉसेस करने वाली कंपनी स्वस्थ फूडटेक इंडिया लिमिटेड के शेयरों ने आज अपने आईपीओ निवेशकों को काफी निराश किया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 94 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इसकी एंट्री बिना किसी उतार चढ़ाव के 94 रुपये के भाव पर ही हुई। लिस्टिंग के तुरंत बाद ये शेयर बिकवाली का शिकार हो गया, जिसकी वजह से थोड़ी देर में ही ये टूट कर 89.30 रुपये के लोअर सर्किट लेवल पर पहुंच गया। इस तरह कंपनी के आईपीओ निवेशकों को पहले दिन ही पांच प्रतिशत का नुकसान हो गया।

स्वस्थ फूडटेक इंडिया लिमिटेड का 14.92 करोड़ रुपये का आईपीओ 20 से 24 फरवरी के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से अच्छा रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 7.83 गुना सब्सक्राइब हो गया था। इनमें रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 13.12 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 15,87,600 नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी अपनी मौजूदा मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में पैकिंग लाइन का सेटअप करने, वर्किंग कैपिटल की जरूरत को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को एक लाख रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2022-23 में बढ़कर 3 लाख और 2023-24 में 1.93 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 945 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर से बढ़कर 134.32 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2024 के बीच कंपनी को 1.83 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है। इस तरह इस अवधि में कंपनी 88.63 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here