सितंबर में भारत दौरे पर आएगी ऑस्ट्रेलिया महिला क्रिकेट टीम, चेन्नई में खेले जाएंगे तीन वनडे मुकाबले

0
497

नई दिल्ली, 29 मई (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम सितंबर में भारत का दौरा करेगी, जहां दोनों टीमें तीन मैचों की वनडे सीरीज खेलेंगी। यह मुकाबले चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में 14, 17 और 20 सितंबर को खेले जाएंगे। यह श्रृंखला दोनों टीमों के लिए भारत में होने वाले आईसीसी महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप की अहम तैयारी मानी जा रही है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने गुरुवार (29 मई) को उक्त घोषणा की।

ऑस्ट्रेलिया ए और साउथ अफ्रीका ए की पुरुष टीमें भी भारत दौरे पर आएंगी

महिला सीरीज के अलावा ऑस्ट्रेलिया ए की पुरुष टीम भी भारत दौरे पर आएगी, जहां वह दो अनौपचारिक टेस्ट और तीन वनडे मैच खेलेगी। दोनों चार दिवसीय टेस्ट मुकाबले लखनऊ में 16-19 और 23-26 सितंबर के बीच खेले जाएंगे। इसके बाद तीन एकदिवसीय मुकाबले 30 सितंबर, 3 अक्टूबर और 5 अक्टूबर को कानपुर में होंगे।

दक्षिण अफ्रीका ए की पुरुष टीम का दौरा अक्टूबर-नवंबर में होगा और उनके सभी मुकाबले बेंगलुरु में आयोजित किए जाएंगे। दो अनौपचारिक टेस्ट मैच बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में 30 अक्टूबर से 2 नवंबर और 6-9 नवंबर के बीच खेले जाएंगे। इसके बाद तीन एकदिवसीय मुकाबले क्रमशः 13, 16 और 19 नवंबर को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होंगे। यह सभी मुकाबले घरेलू खिलाड़ियों के लिए बेहतरीन मौका होंगे अंतरराष्ट्रीय मंच पर खुद को साबित करने का।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here