पारादीप परिवहन ने आईपीओ निवेशकों को किया निराश, 20 प्रतिशत डिस्काउंट पर लिस्ट हुए शेयर

0
627

नई दिल्ली, 24 मार्च (हि.स.)। कार्गो हैंडलिंग, शिप हसबैंड्री, कस्टम हाउस क्लीयरेंस और ट्रांसपोर्टेशन सर्विस मुहैया कराने वाली कंपनी पारादीप परिवहन ने आज स्टॉक मार्केट में कमजोर एंट्री करके अपने आईपीओ निवेशकों को काफी निराश किया। आईपीओ के तहत कंपनी के शेयर 98 रुपये के भाव पर जारी किए गए थे। आज बीएसई के एसएमई प्लेटफॉर्म पर इन शेयरों की लिस्टिंग 20 प्रतिशत डिस्काउंट के साथ 78.40 रुपये के स्तर पर हुई। लिस्टिंग के बाद बिकवाली का दबाव बन जाने के कारण थोड़ी ही देर में यह शेयर गिर कर 74.48 रुपये के लोअर सर्किट लेवल पर आ गया। हालांकि दोपहर 11 बजे एक बार फिर खरीदारी शुरू हो जाने के कारण यह शेयर लोअर सर्किट ब्रेक करके कारोबार करने लगा। शुरुआती 2 घंटे का कारोबार होने के बाद सुबह 11:15 बजे कंपनी के शेयर 17.67 रुपये यानी 18.03 प्रतिशत की कमजोरी के साथ 80.33 रुपये के स्तर पर कारोबार कर रहे थे।

पारादीप परिवहन का 44.86 करोड़ रुपये का आईपीओ 17 से 19 मार्च के बीच सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था। इस आईपीओ को निवेशकों की ओर से एवरेज रिस्पॉन्स मिला था, जिसके कारण ये ओवरऑल 1.78 गुना सब्सक्राइब हो गया था। इनमें क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए रिजर्व पोर्शन 1.33 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इसी तरह नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (एनआईआई) के लिए रिजर्व पोर्शन में 2.65 गुना सब्सक्रिप्शन आया था। इसके अलावा रिटेल इन्वेस्टर्स के लिए रिजर्व पोर्शन 1.66 गुना सब्सक्राइब हुआ था। इस आईपीओ के तहत 10 रुपये फेस वैल्यू वाले 45.78 लाख नए शेयर जारी किए गए हैं। आईपीओ के जरिए जुटाए गए पैसे का इस्तेमाल कंपनी वर्किंग कैपिटल की जरूरत को पूरा करने और आम कॉर्पोरेट उद्देश्यों में करेगी।

कंपनी की वित्तीय स्थिति की बात करें तो प्रॉस्पेक्टस में किए गए दावे के मुताबिक इसकी वित्तीय सेहत लगातार मजबूत हुई है। वित्त वर्ष 2021-22 में कंपनी को 2.48 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था, जो अगले वित्त वर्ष 2022-23 में बढ़कर 6.56 करोड़ और 2023-24 में 15.02 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इस दौरान कंपनी का राजस्व 5.90 प्रतिशत वार्षिक से अधिक की चक्रवृद्धि दर से बढ़ कर 211.62 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी अप्रैल से सितंबर 2024 के बीच कंपनी को 5.18 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हो चुका है। इसी तरह इस अवधि में कंपनी 137.94 करोड़ रुपये का रेवेन्यू हासिल कर चुकी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here